रायपुर में नोरा फतेही–संजय दत्त के खिलाफ शिकायत,’सरके चुनर तेरी’ गाने को वकील ने बताया अश्लील, थाने पहुंचकर दी कंप्लेन

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के एक गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में रिलीज सॉन्ग ‘सरके चुनर तेरी सरके’ के खिलाफ एक वकील ने आपत्ति जताई है। गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त की प्रस्तुति को अश्लील बताते हुए FIR दर्ज करने की मांग की गई है। जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता अनुराग गुप्ता ने सिविल लाइन्स थाने पहुंचकर फिल्म के मेकर्स और कलाकारों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि गाने के बोल और दृश्य अश्लील हैं और समाज के नैतिक मूल्यों के खिलाफ जाते हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गीत में डबल मीनिंग शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जो स्पष्ट रूप से यौन संकेत देते हैं। अधिवक्ता ने नोरा फतेही, संजय दत्त, रकीब आलम, अर्जुन जन्या समेत मेकर्स के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।

विवाद बढ़ने के बाद नोरा फतेही ने बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि गाने को कन्नड़ में गलत ट्रांसलेशन के साथ शूट कराया गया था और बाद में बिना परमिशन हिंदी वर्जन बना दिया गया। उन्होंने मेकर्स पर आरोप लगाया कि लिरिकल वीडियो को उनकी एआई इमेज के साथ बिना अनुमति रिलीज किया गया। एक्ट्रेस के अनुसार गाना अनुचित है, इसकी जानकारी उन्हें सॉन्ग लॉन्च के समय ही मिली। हिंदी गाना देखकर एक्ट्रेस खुद शॉक में थीं।