रायपुर : AAP ने निकाली गैस सिलेंडर की शव यात्रा, कहा- समय पर सिलेंडर नहीं मिलने से लोग परेशान
प्रदेश में रसोई गैस की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने गैस सिलेंडर की शव-यात्रा निकालकर प्रदर्शन किया। बीरगांव में हुए इस प्रदर्शन में यात्रा व्यास तालाब से शुरू होकर शुक्रवारी बाजार स्थित पानी टंकी बिरगांव तक निकाली गई। प्रदर्शन के जरिए पार्टी ने गैस की कमी, बढ़ती कीमतों और अनियमित सप्लाई का मुद्दा उठाया। प्रदेश कोषाध्यक्ष मुन्ना बिसेन ने कहा कि सरकार का “गैस की कोई कमी नहीं” वाला दावा पूरी तरह गलत है। अगर गैस की कमी नहीं है, तो लोगों को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है। सस्ते गैस सिलेंडर का वादा पूरा नहीं हुआ। उल्टा घरेलू सिलेंडर पर 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर पर 115 रुपए की बढ़ोतरी से आम लोगों पर बोझ बढ़ गया है।
उन्होंने कहा कि गैस की कमी का असर अब आम जनजीवन के साथ-साथ होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय पर भी पड़ रहा है। कई जगह लोगों को खाना नहीं मिल पा रहा या महंगे दाम पर मिल रहा है। प्रदेश प्रवक्ता जयदीप खनूजा ने कहा कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लोग परेशान हैं। कई परिवारों को मजबूरी में लकड़ी या अन्य पारंपरिक ईंधन का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
पार्टी नेताओं ने यह भी सवाल उठाया कि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन की रिफिलिंग समय सीमा क्यों तय की गई है। इसे उन्होंने भेदभाव बताया।
रायपुर जिलाध्यक्ष नवनीत नंदे और जिला कार्यकारी अध्यक्ष सागर क्षीरसागर ने कहा कि सरकार गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाए और नियमित, पारदर्शी व समयबद्ध सप्लाई सुनिश्चित करे।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन करेगी।
