सरकार बोली- सिलेंडर की पैनिक बुकिंग में कमी, ऑनलाइन बुकिंग बढ़कर 94% तक पहुंची
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि LPG चिंता का विषय बनी हुई है लेकिन देश में किसी भी LPG डिस्ट्रीब्यूटर के पास सिलेंडरों की कमी नहीं है। सिलेंडरों की सप्लाई सामान्य है। पेट्रोलियम मंत्रालय के मुताबिक, अब करीब 94% सिलेंडर बुकिंग ऑनलाइन हो रही है, जबकि डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड सिस्टम 76% तक प्रभावी हो गया है। पैनिक बुकिंग में भी कमी आ रही है। 18 मार्च को करीब 57,000 रीफिल बुकिंग हुई। वेस्ट एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर पेट्रोलियम मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने आगे बताया कि भारत में करीब 70% कच्चा तेल अब होर्मुज स्ट्रेट के बाहर के क्षेत्रों से आ रहा है। युद्ध के कारण दबाव जरूर है, लेकिन कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। पेट्रोलियम मंत्रालय की तरफ से ये बातें केंद्रीय मंत्रालयों की जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही गई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरे वैश्विक समुदाय के लिए परीक्षा की घड़ी है।
पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि सरकार ने कॉमर्शियल LPG उपभोक्ताओं से CNG पर शिफ्ट करने की अपील की है और कई कंपनियों ने इसके लिए इंसेंटिव भी घोषित किए हैं। सुजाता शर्मा ने कहा कि मिडिल ईस्ट में हालात का सीधा असर भारत की एनर्जी सप्लाई पर पड़ता है, इसलिए सरकार अन्य जगहों से भी सप्लाई लेने की कोशिश कर रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत ईरान समेत कई देशों से लगातार बातचीत कर रहा है, ताकि ऊर्जा सप्लाई बिना रुकावट बनी रहे।
विदेश मंत्रालय के जॉइंट सेक्रेटरी (गल्फ) असीम महाजन ने बताया कि 28 फरवरी के बाद से करीब 2.8 लाख लोग वेस्ट एशिया से भारत लौट चुके हैं। उन्होंने कहा कि कुछ देशों में ऑपरेशनल दिक्कतों के बावजूद फ्लाइट ऑपरेशन धीरे-धीरे बेहतर हो रहे हैं। महाजन के मुताबिक, 18 मार्च को भारत और UAE के बीच करीब 75 उड़ानें संचालित हुईं, जबकि अगले दिन यह संख्या बढ़कर करीब 90 उड़ानों तक पहुंचने की उम्मीद है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के संयुक्त सचिव सी. सेंथिल राजन ने LNG सेवाओं से जुड़े सोशल मीडिया फ्रॉड को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा- LNG उपभोक्ता सोशल मीडिया पर फैल रहे फर्जी संदेशों से सावधान रहें। ऐसे मैसेज पर भरोसा न करें और जरूरत पड़ने पर पुलिस में शिकायत करें।
