बिजली गिरने के बाद चेन्नई उतरा अकासा एयर का विमान, फुकेट से बंगलूरू आ रही थी उड़ान

खराब मौसम के बीच फुकेट से बंगलूरू आ रही अकासा एयर की एक उड़ान को सुरक्षित रूप से चेन्नई में उतारा गया। यह कदम बिजली गिरने की घटना के बाद उठाया गया। यह उड़ान बोइंग 737 मैक्स विमान की ओर से संचालित की जा रही थी। विमान को जांच के लिए रोक दिया गया है। एयरलाइन ने गुरुवार को बयान में कहा कि 18 मार्च को उड़ान क्यूपी 624 फुकेट (थाईलैंड) से बंगलूरू आ रही थी। इस दौरान विमान पर बिजली गिरने की घटना हुई। प्रतिकूल मौसम के कारण उसे चेन्नई के लिए मोड़ दिया गया था। एयरलाइन ने यह नहीं बताया कि विमान में कितने यात्री सवार थे। अकासा एयर ने कहा कि उसके पायलट और चालक दल (क्रू) ने स्थापित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार स्थिति को संभाला। बयान में कहा गया, विमानन क्षेत्र में बिजली गिरने की घटनाएं आम और आसानी से नियंत्रित की जा सकते वाली हैं। विमानों को इस तरह से डिजाइन और प्रमाणित किया जाता है कि वे इनका सुरक्षित तरीके से सामना कर सकें। इसमें आगे कहा गया, हमारी टीमें भी ऐसी स्थितियों को उच्चतम सुरक्षा मानकों के साथ संभालने केलिए अच्छी तरह प्रशिक्षित हैं।

एयरलाइन ने कहा कि एहतियात के तौर पर विमान को मानक इंजीनियरिंग जांच के लिए रखा गया है।