पाकिस्तान के कराची में भीषण तूफान से 21 मौतें, 97 Km/h की रफ्तार से चली हवाएं
पाकिस्तान के कराची में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं और बारिश के बीच कई हादसे हुए, जिनमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं। सबसे दर्दनाक घटना बाल्डिया टाउन इलाके में हुई, जहां एक दीवार ढहने से 13 लोगों की जान चली गई। ये लोग बारिश से बचने के लिए दीवार के पास खड़े थे, लेकिन तेज तूफान के कारण दीवार अचानक गिर गई। शहर के अन्य इलाकों में भी हादसे सामने आए। कुरंगी नंबर 3 में छत गिरने से एक महिला की मौत हो गई। मेमन गोठ में एक व्यक्ति की करंट लगने से जान चली गई। वहीं गुलिस्तान-ए-जौहर में 4 साल की बच्ची और नीलम कॉलोनी में एक महिला की मौत दीवार और पेड़ गिरने से हो गई। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान के दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 97 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई, जिससे हालात बेकाबू हो गए।
तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, घरों की छतें उड़ गईं और बिजली के खंभे गिर गए। सड़कों पर मलबा फैलने से यातायात बाधित हो गया। कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
