‘अकेले लड़ेंगी तो भी जीत जाएंगी…’, ममता बनर्जी पर अखिलेश यादव का भरोसा
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ईद के मौके पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि दुनिया में जो जंग और तनाव का माहौल है, वो खत्म हो और सब जगह अमन-चैन आए. लेकिन बधाई देने के बाद अखिलेश रुके नहीं और एक के बाद एक कई मुद्दों पर BJP और उत्तर प्रदेश के योगी सरकार पर जोरदार हमला बोला. अखिलेश ने तीन जगहों का जिक्र किया और कहा कि UP में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ चुकी है. मथुरा में एक साधु के साथ जो बर्ताव हुआ, उसे उन्होंने बेहद दुखद और शर्मनाक बताया. उन्होंने कहा कि वाराणसी, जो प्रधानमंत्री मोदी की अपनी सीट है, जहां से वो कई बार जीते हैं. वहां खुलेआम एक छात्र को गोली मार दी गई. गोरखपुर, जो CM योगी का गढ़ माना जाता है वहां भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं.
अखिलेश का कहना था, जब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अपनी जगहों पर यह हाल है, तो बाकी उत्तर प्रदेश का क्या हाल होगा?
ममता बनर्जी ने BJP के लिए “बेईमान” शब्द का इस्तेमाल किया था. अखिलेश ने कहा, “ममता ने तो बहुत छोटा शब्द कहा है.” यानी उनके मुताबिक BJP के लिए तो इससे भी सख्त शब्द चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि ममता बनर्जी अगर अकेले भी चुनाव लड़ेंगी तब भी जीत जाएंगी. यानी उन्होंने ममता का खुलकर समर्थन किया.
अखिलेश ने गंगा सफाई का मुद्दा उठाया और पूछा, “गंगा मैया के नाम पर राजनीति करने वालों ने गंगा के साथ क्या किया? और गंगा सफाई के नाम पर जो अरबों-खरबों रुपये खर्च हुए वो गए कहां?” यह सवाल सीधे केंद्र सरकार पर था।
अखिलेश ने शंकराचार्य के लखनऊ दौरे का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब शंकराचार्य आने वाले थे, तब बहुत से BJP नेता बड़े-बड़े दावे कर रहे थे. लेकिन जब वो आए तो वही लोग कहीं गायब हो गए.
उन्होंने कहा, “बहुत लोगों का मन था कि यहां बाटी-चोखा खाएंगे. लेकिन अब दोबारा ऐसा सोच भी नहीं पाएंगे.” यह सीधा तंज था उन नेताओं पर जो शंकराचार्य के साथ फोटो खिंचाने और जश्न मनाने की तैयारी में थे. लेकिन बात बनी नहीं.
अखिलेश ने आखिर में एक बड़ा राजनीतिक संकेत दिया, “2027 में बहुत बड़ी शपथ होने जा रही है.” यानी साफ इशारा – 2027 में UP विधानसभा चुनाव हैं और अखिलेश अपनी सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं.
