पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए BJP ने की 9 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी
बीजेपी ने पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है. 9 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए गए है. भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने 18 मार्च 2026 को नितिन नवीन की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की थी. इस बैठक में PM मोदी, राजनाथ सिंह, अमित शाह समेत बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति के सभी सदस्य शामिल हुए. समिति ने पुडुचेरी विधानसभा के आगामी चुनावों के लिए कई नामों को मंजूरी दी.
मन्नादिपेट सीट से बीजेपी ने ए. नमासिवायम को उम्मीदवार बनाया है. ओस्सुडु (SC) सीट से ई. थीप्पैन्थन बीजेपी के उम्मीदवार होंगे. इसके अलावा कालापेट सीट से पी.एम.एल. कल्याणसुंदरम चुनाव लड़ेंगे. राज भवन से वी.पी. रामालिंगम, मुदलियारपेट से ए. जॉनकुमार मैदान में होंगे.
मनावेली सीट से एम्बलम आर. सेल्वम को उम्मीदवार बनाया गया है. तिरुनल्लार सीट से जी.एन.एस. राजशेखरन चुनाव लड़ेंगे.
इसके अलावा नेरावी-टी.आर. पट्टिनम सीट से टीकेएसएम मीनाक्षीसुंदरम को उम्मीदवार बनाया गया है और माहे सीट से ए. दिनेशन उम्मीदवार हैं.
बता दें, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा की कुल 30 सीटें हैं. यहां एन. रंगासामी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार सत्ता में है.
पुडुचेरी विधानसभा का कार्यकाल 15 जून को समाप्त होने वाला है. पुडुचेरी की सभी सीटों पर एक ही चरण में मतदान होगा, और 4 मई 2026 को चुनाव के नतीजे सामने आएंगे.
