पीएम मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान से की बात, इंफ्रा प्रोजेक्ट्स पर अटैक की निंदा की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के राष्ट्रपति डॉ. मसूद पेजेश्कियन से फोन पर बात की है. इस दौरान पीएम मोदी ने उन्हें ईद-उल-फितर और ईरानी नए साल नवरोज (Nowruz) की शुभकामनाएं दीं. दोनों नेताओं के बीच हुई इस बातचीत में न केवल त्योहारों की खुशियां साझा की गईं, बल्कि मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालातों और सुरक्षा से जुड़े कई गंभीर मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि यह त्योहारी सीजन पूरे पश्चिम एशिया में शांति, स्थिरता और समृद्धि लेकर आएगा. पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में चल रहे तनाव के बीच उनका यह संदेश काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि क्षेत्र की शांति ही वैश्विक विकास का असली रास्ता है.

बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों पर हो रहे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की. उनका मानना है कि इस तरह के हमले न केवल क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डालते हैं, बल्कि वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला को भी बुरी तरह प्रभावित करते हैं. इससे पूरी दुनिया की अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ता है. एक और अहम मुद्दे पर बात करते हुए पीएम मोदी ने नौवहन की स्वतंत्रता की रक्षा करने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग हमेशा खुले और पूरी तरह सुरक्षित रहें, ताकि व्यापार में कोई रुकावट न आए.

आखिर में, प्रधानमंत्री ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा के लिए वहां की सरकार द्वारा दिए जा रहे लगातार समर्थन की सराहना की. उन्होंने पेजेश्कियन को धन्यवाद दिया कि ईरान ने हमेशा भारतीयों के हितों का ख्याल रखा है.