बालोद में पिकअप पलटने से 2 महिलाओं की मौत, 12 की हालत गंभीर
छत्तीसगढ़ : बालोद जिले में ग्रामीणों से भरी पिकअप अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हैं। घटना मंगचुआ थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक पिकअप सवार ग्रामीण नामकरण संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी मोड़ पर पिकअप बेकाबू हो गई और ड्राइवर ने भी अपना कंट्रोल खो दिया, जिसके कारण वाहन पलट गया। फिलहाल सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों महिलाओं के शव को पंचनामा कर मॉर्चुरी में रखवा दिया है। आज दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम होगा, जिसके बाद परिजनों को सौंपा जाएगा।
जानकारी के अनुसार ग्राम पद्देटोला के ग्रामीण पिकअप में सवार होकर खलबत्तर गांव नामकरण संस्कार में गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद लौटते समय भंवरमरा नेताम टोला मोड़ पर ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ऐसे में पिकअप सड़क किनारे पलट गई, जिससे लोगों में चीख-पुकार मच गई। इस हादसे में मान बाई (68) और नंदिनी (40) की घटनास्थल पर ही जान चली गई, जबकि 12 से अधिक लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही मंगचुआ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और लोहारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा जा सकता है।
