लंदन में यहूदी समुदाय पर बड़ा हमला… 4 एम्बुलेंस आग के हवाले, पुलिस जांच में जुटी

मिडिल ईस्ट में जंग चल रही है. लेकिन इसकी आंच अब सिर्फ उस इलाके तक सीमित नहीं रही. हजारों किलोमीटर दूर लंदन की सड़कों पर भी इसका असर दिखने लगा है. सोमवार की रात उत्तरी लंदन में यहूदी समुदाय की 4 एंबुलेंस में आग लगा दी गई. यह एंबुलेंस हत्जोला नाम के एक गैर-सरकारी स्वयंसेवी संगठन की थीं. हत्जोला कोई राजनीतिक संगठन नहीं है. यह एक नेकदिल संस्था है जो मेडिकल इमरजेंसी में लोगों की जान बचाती है, बिना किसी धर्म या जाति का भेद किए. इनकी एंबुलेंस जलाना सिर्फ यहूदी समुदाय पर हमला नहीं इंसानियत पर हमला है. रात करीब डेढ़ बजे आग की खबर मिली. लंदन फायर ब्रिगेड ने तुरंत 6 दमकल गाड़ियां भेजे. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद सुबह तीन बजे आग पर काबू पाया गया. लंदन पुलिस ने इसे यहूदी विरोधी नफरती अपराध बताया है और जांच शुरू कर दी है.

एंबुलेंस वाली घटना के साथ ही लंदन पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ब्रिटेन में ईरान समर्थित साजिशों का पता चला है. ये साजिशें ईरान विरोधी लोगों को यानी ब्रिटेन में रहने वाले ईरानी विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने की कोशिश कर रही थीं. इसके अलावा उन्होंने यह भी चेताया कि ब्रिटेन में इजरायली और यहूदी ठिकानों पर ईरान की तरफ से हमले का खतरा बना हुआ है. और सबसे गंभीर बात यह कोई एक बार का खतरा नहीं है. पुलिस कमिश्नर ने साफ कहा कि यह लंबे समय तक चलने वाला और लगातार बना रहने वाला खतरा है.

मिडिल ईस्ट में ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच जंग चल रही है. लेकिन इस जंग के धागे अब दुनिया के कई देशों तक फैल रहे हैं. लंदन जैसे शहर में जहां यहूदी समुदाय बड़ी तादाद में रहता है वहां माहौल तनावपूर्ण हो गया है. पुलिस हाई अलर्ट पर है. यहूदी समुदाय के लोग डरे हुए हैं. जो एंबुलेंस लोगों की जान बचाने के लिए थीं उन्हें जला दिया गया.