केरल के चुनावी मैदान में उतरेंगे CM विष्णुदेव साय, दो नामांकन रैली में होंगे शामिल
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 23 मार्च को एक दिवसीय केरल दौरे पर रहेंगे, जहां वे भारतीय जनता पार्टी (BJP) उम्मीदवारों के नामांकन कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. इस दौरान उनका शेड्यूल बेहद व्यस्त रहेगा. सुबह से लेकर शाम तक कई राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेते हुए वे चुनावी माहौल को धार देंगे. मुख्यमंत्री साय सुबह होटल ताज कोचिन इंटरनेशनल से निकलकर कोच्चि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए पथानमथिट्टा जिले के कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना होंगे. यह दौरा केरल में भाजपा की चुनावी रणनीति को मजबूती देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
साय सबसे पहले चेंगन्नूर स्थित आरडीओ कार्यालय पहुंचेंगे, जहां वे BJP उम्मीदवार के नामांकन दाखिल कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ उनकी अहम बैठक भी संभावित है. चेंगन्नूर के बाद मुख्यमंत्री साय पथानमथिट्टा कलेक्टोरेट पहुंचेंगे, जहां वे अरनमुला विधानसभा क्षेत्र के BJP प्रत्याशी के नामांकन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. यह कार्यक्रम दक्षिण भारत में भाजपा की मौजूदगी को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. दिनभर के इस दौरे में मुख्यमंत्री साय हेलीकॉप्टर और कार के जरिए अलग-अलग स्थानों तक पहुंचेंगे. उनका शेड्यूल मिनट-टू-मिनट तय है, जिससे स्पष्ट है कि पार्टी इस दौरे को लेकर गंभीर है और अधिकतम राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश में है. शाम को कोच्चि एयरपोर्ट से वे एयर इंडिया की फ्लाइट के जरिए नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे. दिल्ली पहुंचकर वे छत्तीसगढ़ सदन जाएंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम प्रस्तावित है.
मुख्यमंत्री साय का यह दौरा केवल औपचारिक नहीं, बल्कि भाजपा की दक्षिण भारत में पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है. केरल जैसे राज्यों में पार्टी लगातार विस्तार की कोशिश कर रही है, और ऐसे दौरों के जरिए राष्ट्रीय नेतृत्व राज्यों के बीच समन्वय और समर्थन बढ़ा रहा है.
