कंगना रनौत का 40वां बर्थडे, परिवार संग पीएम मोदी से की मुलाकात, दिया खास गिफ्ट
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत आज 40 साल की हो गई हैं. इस खास मौके पर उन्हें फैंस और चाहने वालों से खूब सारी बधाइयां मिल रही हैं. कंगना हिमाचल प्रदेश की मंडी से बीजेपी की सांसद हैं, ऐसे में उन्होंने इस खास दिन को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सेलिब्रेट करने का सोचा. एक्ट्रेस अपने पूरे परिवार को लेकर पीएम के पास पहुंची. कंगना ने अपने इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी संग मुलाकात की तस्वीरें साझा की हैं. इनमें वो पीएम को हिमाचल की बनी शॉल भेंट में दे रही हैं. साथ ही उनके लिए फूलों को गुलदस्ता भी लाईं, जिसे कंगना ने अपने हाथों से दिया. कंगना के भाई ने पीएम को गिफ्ट में देने के लिए ब्रास का वॉल फ्रेम लेकर आए, जिसमें दशावतार बने हैं. पीएम मोदी ने भी कंगना और उनके परिवार के साथ थोड़ा समय बिताया. इस दौरान वो एक्ट्रेस के भतीजे के साथ खेलते हुए भी दिखे. कंगना ने पीएम मोदी संग मुलाकात पर कैप्शन में भी कुछ खास लिखा है. उनका कहना है, ‘आज परिवार सहित माननीय प्रधानमंत्री जी का समय और मार्गदर्शन मिला. मेरे लिए ये एक यादगार जन्मदिन रहा.’
कंगना पिछले काफी समय से राजनीति में हैं. साल 2024 में लोकसभा चुनाव जीतने के बाद, वो मंडी की सांसद बनीं. इस दौरान उनकी एक फिल्म ‘इमरजेंसी’ रिलीज जरूर हुई, मगर वो बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाई. हालांकि उस फिल्म में कंगना की एक्टिंग को खूब सराहा गया था. अब फैंस उन्हें जल्द बड़े पर्दे पर दोबारा देखना चाह रहे हैं. कंगना ने अभी तक अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की रिलीज डेट अनाउंस नहीं की है. एक्ट्रेस कई सारी फिल्मों में नजर आने वाली हैं. इनमें से दो फिल्मों आर माधवन के साथ हैं, जिसमें से एक की शूटिंग पिछले साल खत्म हुई है. माना जा रहा है कि कंगना और माधवन, आनंद एल राय की हिट फ्रेंचायजी ‘तनु वेड्स मनु’ के लिए वापस साथ आएंगे. बस अब फैंस को इसकी ऑफिशियल अनाउंसमेंट की देर है.
