CSK रीयूनियन में धोनी-ब्रावो का चैंपियन गाने पर डांस, सुरेश रैना को गले लगाया

IPL 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने अपने फैंस के लिए ‘ROAR 2026’ इवेंट को यादगार बना दिया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में आयोजित इस फैन इवेंट में टीम के कई पुराने खिलाड़ी शामिल हुए। CSK के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ड्वेन ब्रावो के मशहूर ‘चैंपियन’ गाने पर डांस किया और इसके बाद उन्होंने अपने करीबी साथी सुरेश रैना को गले लगाया। वहीं, युवा खिलाड़ियों संजू सैमसन और शिवम दुबे का सम्मान भी किया गया, जो इस इवेंट की सबसे खास झलकियों में शामिल रहा।

CSK के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ड्वेन ब्रावो के मशहूर ‘चैंपियन’ गाने पर डांस किया। ब्रावो ने स्टेज पर यह गाना गाया और उसी दौरान धोनी को भी बुलाया। दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया और फिर साथ में डांस किया। ROAR 2026 से पहले CSK के कई दिग्गज खिलाड़ी एक बार फिर साथ नजर आए। पूर्व खिलाड़ी एस बद्रीनाथ द्वारा शेयर की गई फोटो में सुरेश रैना, मैथ्यू हेडन, मुथैया मुरलीधरन, पार्थिव पटेल, हरभजन सिंह, अंबाती रायुडू, मुरली विजय और लक्ष्मीपति बालाजी जैसे बड़े नाम शामिल थे। इन सभी ने CSK की पांचों IPL ट्रॉफियों के साथ तस्वीर खिंचवाई, जिसे ओल्डीजी स्क्वॉड कैप्शन दिया गया।

धोनी इस इवेंट के केंद्र में रहे। उनकी एंट्री पर पूरा चेपॉक स्टेडियम खड़ा हो गया और जोरदार स्वागत किया गया। धोनी ने मैदान पर विकेटकीपिंग भी की, फैंस के साथ बातचीत की और अंत में टीम के साथ ‘लैप ऑफ ऑनर’ लिया। इस दौरान वह दर्शकों की ओर टेनिस बॉल मारते हुए भी नजर आए। इवेंट में धोनी ने नए और उभरते खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया, जिनमें संजू सैमसन, शिवम दुबे और अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता आयुष म्हात्रे शामिल रहे। ड्वेन ब्रावो, जिन्होंने CSK के लिए 116 मैचों में 140 विकेट और 1004 रन बनाए हैं, अब कोलकाता नाइट राइडर्स के मेंटर हैं।