पंजाब: गगनदीप सिंह रंधावा सुसाइड केस में बड़ा एक्शन, पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर गिरफ्तार
पंजाब में गगनदीप सिंह रंधावा सुसाइड केस ने सियासी भूचाल ला दिया है. इस मामले में आरोपी पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस उनको फतेहगढ़ साहिब जिले के गोबिंदगढ़ के मंडी से पकड़ा है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उनको आज अमृतसर कोर्ट में पेश कर हिरासत की मांग की जाएगी.
गिरफ्तारी से पहले लालजीत भुल्लर ने कहा था..
वाहेगुरु जी. मैंने हमेशा अपना हर कदम, सर्वशक्तिमान को अपने साथ और सब कुछ देखते हुए उठाया है. मेरे लिए, मेरे लोग ही मेरे भगवान हैं. मैंने हमेशा उनके चेहरों में ही भगवान की झलक देखी है. मेरे जीवन का हर फैसला, केवल उनके कल्याण और सच्चाई के रास्ते पर चलने के लिए ही रहा है. लेकिन आज जो अफवाहें फैल रही हैं कि मैं भगोड़ा बन गया हूं… यह सच नहीं है. मैं सच्चाई से कभी भागा नहीं हूं. मुझे देश के कानूनों पर पूरा भरोसा है. न्याय व्यवस्था पर अटूट विश्वास है. मैं कहीं भागा नहीं हूँ. मैं यहीं पंजाब में ही हूं. सच्चाई और न्याय में विश्वास रखते हुए, मैं खुद मंडी गोबिंदगढ़ में आत्मसमर्पण कर रहा हूं.
FIR, सुसाइड वीडियो और परिजनों के आरोपों ने इस मामले को संवेदनशील बना दिया है. यहां तक कि ये मामला अब संसद में पहुंच चुका है. इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की जा रही है. भगवंत मान सरकार की तरफ से साफ कहा गया है कि इस मामले में किसी तरह का पक्षपात नहीं किया जाएगा. कानून अपना काम करेगा.
गगनदीप सिंह रंधावा अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (PSWC) के जिला प्रबंधक थे. उनकी आत्महत्या के मामले में पत्नी उपिंदर कौर की शिकायत के आधार पर रंजीत एवेन्यू पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई है. इस शिकायत में पूर्व मंत्री लालजीत भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह और निजी सहायक पर लगातार उत्पीड़न, मानसिक दबाव और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं.
आरोप है कि 21 मार्च 2026 की सुबह गगनदीप रंधावा ने सल्फास नामक जहरीला पदार्थ खा लिया था. इसके बाद उनकी तबियत बिगड़ गई. उनके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई. मौत से पहले उन्होंने एक 12 सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड किया, जो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में उन्होंने अपनी स्थिति के लिए सीधे तौर पर लालजीत भुल्लर को जिम्मेदार ठहराया था. गगनदीप सिंह रंधावा ने कहा था कि मंत्री के डर से वो खुदकुशी करने जा रहे हैं. परिजनों ने पहले कार्रवाई की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था. इसके बाद देर रात FIR दर्ज की गई. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. इसमें आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक धमकी और विश्वासघात जैसे आरोप शामिल हैं.
