दिल्ली में बेखौफ बदमाश, डीसीपी ऑफिस के पास कारोबारी से 1.5 करोड़ के सोने की लूट

दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बेखौफ बदमाशों ने डीसीपी कार्यालय से महज कुछ कदमों की दूरी पर करोड़ों रुपये की लूट को अंजाम दिया. मिली जानकारी के मुताबिक, चांदनी चौक के व्यापारी अनेश बंसल रात लगभग 9:30 बजे अपने बेटे के साथ स्कूटी से शाहदरा स्थित अपने घर की ओर जा रहे थे. जब वे सीलमपुर से गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई एक स्कार्पियो ने उनकी स्कूटी में जानबूझकर टक्कर मार दी. इससे पहले कि पिता-पुत्र संभल पाते, कार सवार बदमाशों ने पिस्तौल तान दी और उनके पास रखा करीब 1.5 करोड़ रुपये कीमत का सोना लूट लिया. इसके बाद बदमाश आसानी से मौके से भाग निकले.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों के सुराग के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए. पीड़ित परिवार के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो कार को पुलिस ने दिल्ली-यूपी बॉर्डर (भोपुरा) के पास से लावारिस हालत में ढूंढ निकाला है. हालांकि, आरोपी कार छोड़कर भागने में सफल रहे. पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा.

पुलिस के आला दफ्तर के इतने करीब हुई इस दुस्साहसिक घटना से आम जनता में खौफ का माहौल है. पीड़ित परिवार के एक रिश्तेदार ने डर और निराशा जताते हुए कहा कि हम पूरी तरह से सहमे हुए हैं. अगर पुलिस कार्यालय के इतने करीब इतनी बड़ी घटना हो सकती है, तो आम नागरिक कैसे सुरक्षित रहेगा? हमारा सारा सोना चला गया है, अब बस पुलिस से न्याय और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद है.