बिलासपुर में नौवीं कक्षा के छात्र ने लगाई फांसी, नशे में जान देने की आशंका

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में मंगलवार की रात अपने घर के आंगन में पेड़ पर नवमीं कक्षा के छात्र ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। छात्र नशे का आदी हो गया था और पांच दिन से घर नहीं आया था। रात में छात्र अचानक घर पहुंचा और पेड़ रस्सी बांध कर फांसी पर झूल गया। सुबह परिजनों ने उसके शव को देखा, तब पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। वहीं सक्ती जिले से भी 10 साल की बच्ची ललिता महंत की लाश घर के बाथरूम में फांसी के फंदे से लटकी मिली। वह चौथी कक्षा की छात्रा थी। प्रारंभिक जांच में खेल के दौरान हादसे की आशंका जताई जा रही है। यह मामला जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जुनवानी का है।

पुलिस के अनुसार मंगला के धुरीपारा निवासी राजेश पटेल पेशे से किसान है। वो अपनी बाड़ी और खेत में सब्जी उगाता है। उसका 16 वर्षीय बेटा अरविंद पटेल नवमीं कक्षा का छात्र था। अरविंद गलत संगत में पड़ गया था और नशा करने लगा था। उसकी हरकतों से परिवार वाले भी परेशान रहते थे।

पुलिस की पूछताछ में पता चला कि अरविंद अपनी मर्जी से स्कूल जाता था। एग्जाम से पहले वो एक महीने से स्कूल नहीं जा रहा था। 10-15 दिन पहले स्कूल की परीक्षा शुरू हुई, तब एक विषय का एग्जाम दिया, जिसके बाद वो गायब हो गया। फिर दोबारा परीक्षा दिलाने नहीं पहुंचा।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि अरविंद पिछले पांच दिन से घर नहीं आया था। मंगलवार की रात अचानक वो अपने घर आया, तब परिजन खाना खाने के बाद दरवाजा बंद कर अंदर सो गए थे। उन्हें अरविंद के आने की भनक तक नहीं लगी।

इस दौरान वो पेड़ पर चढ़ गया और रस्सी का फंदा बांध कर नीचे झूल गया। सुबह परिजनों ने उसके शव को फंदे पर लटकते देखा। फिलहाल, उसके आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस को शक है कि नशे की लत में उसने सुसाइड किया होगा।