मुंगेली में ACB की बड़ी कार्रवाई, अचानकमार टाइगर रिजर्व के रेंजर-डिप्टी रेंजर रिश्वत लेते गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुरही रेंज के रेंजर और डिप्टी रेंजर को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में रेंजर पल्लव नायक और डिप्टी रेंजर मनीष श्रीवास्तव शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता से चालान पेश करने और जब्त वाहन को छोड़ने के बदले 70 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। मामले की शिकायत लोरमी निवासी अजीत कुमार वैष्णव ने ACB बिलासपुर में दर्ज कराई थी। बताया गया कि दिसंबर 2025 में शिकायतकर्ता अपने साथियों के साथ अचानकमार टाइगर रिजर्व घूमने गया था। इस दौरान एयर गन से फायरिंग करते हुए बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी। इसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए वाहन जब्त कर लिया था और शिकायतकर्ता करीब 18 दिन तक जेल में भी रहा।
ACB के डीएसपी के मुताबिक शिकायत की पुष्टि के बाद ट्रैप प्लान तैयार किया गया। 26 मार्च को शिकायतकर्ता को रिश्वत की पहली किश्त देने के लिए मित्र मिलन रेस्टोरेंट भेजा गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 50 हजार रुपए डिप्टी रेंजर को दिए, ACB टीम ने मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। ACB ने आरोपी मनीष श्रीवास्तव के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत और रेंजर पल्लव नायक के खिलाफ धारा 7 व 12 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि भी बरामद कर ली गई है।
ACB बिलासपुर के मुताबिक, पिछले दो सालों में यह उनकी 45वीं ट्रैप कार्रवाई है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी अधिकारी रिश्वत मांगता है तो तुरंत इसकी सूचना दें, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
