हिमंता बोले- 99% हिंदू कांग्रेस छोड़ना चाहते हैं, रिजल्ट बाद बस एक समुदाय की पार्टी बन जाएगी

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस पर सिर्फ एक समुदाय की पार्टी होने का आरोप लगाया। हिमंता ने कहा कि लगभग 99 प्रतिशत हिंदू कांग्रेस छोड़ना चाहते हैं। राज्य में इसके टूटने का प्रोसेस पहले ही शुरू हो चुका है। नतीजों के बाद, कांग्रेस एक ही कम्युनिटी की पार्टी बन जाएगी। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुवाहाटी में कहा कि हर जगह BJP के पक्ष में जोरदार लहर है। मैं यह सिर्फ कहने के लिए नहीं कह रहा हूं। हमें सेंचुरी (100 सीटें जीतना) लगाने का भरोसा है। असम में 9 अप्रैल को सिंगल फेज में चुनाव हैं। 30 मार्च को पीएम मोदी NaMo ऐप के जरिए एक रैली को वर्चुअली संबोधित करेंगे। राज्य BJP ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और नागरिकों से इस अनोखी और इंटरैक्टिव पहल में हिस्सा लेने के लिए ऐप डाउनलोड करके रजिस्टर करने की बात कही है। असम में 126 सीटों वाली विधानसभा के लिए मौजूदा BJP के नेतृत्व वाली NDA सरकार और कांग्रेस के बीच मुकाबला होगा। सरमा के नेतृत्व वाली BJP सरकार लगातार तीसरा कार्यकाल हासिल करने की कोशिश करेगी जबकि कांग्रेस का लक्ष्य सत्ता में वापसी का है।

बंगाल के नादिया जिले में चुनाव ड्यूटी ट्रेनिंग में प्रोजेक्टर पर CM ममता से जुड़ा सरकारी विज्ञापन दिखाया गया। कुछ पोलिंग अधिकारियों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और धमकी दी गई। कांग्रेस ने राहुल गांधी की समझ पर सवाल उठाने पर केरल सीएम की आलोचना की। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि यह तो अच्छी बात है न कि राहुल जी के अंदर कार्यकर्ता जितनी समझ है। क्योंकि कार्यकर्ता जमीन से जुड़ा होता है। हमें इस बात पर गर्व है। जो लोग हवा में उड़ते हैं वो यह नहीं जानेंगे। पुडुचेरी में NDA गठबंधन में सीटों का बंटवारा तय हो गया है। एनआर कांग्रेस 16 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि बीजेपी 10 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। AIADMK और एलजेपी को 2-2 सीटें दी गई हैं।