एक साथ 8 बंदरों की रहस्यमयी मौत, पेड़ से एक-एक कर गिरे शव, जांच में जुटा वन विभाग

कवर्धा जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक साथ 8 बंदरों की रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। मामला पंडरिया क्षेत्र के कुई वन परिक्षेत्र का है, जहां ग्रामीणों ने देखा कि एक-एक कर बंदर पेड़ से नीचे गिरते चले गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वन विभाग और वाइल्ड लाइफ टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने सभी मृत बंदरों के शवों का पोस्टमार्टम कराया, जिसके बाद नियमानुसार उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। फिलहाल बंदरों की अचानक और रहस्यमयी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह मौत किसी बीमारी, विषाक्त भोजन या किसी अन्य कारण से हुई है। घटना ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।