भाजपा ने कहा- बंगाल में TMC ने चुनाव हाईजैक किया, ममता वोटर्स को धमका रहीं, चुनाव आयोग से शिकायत की

देश के 5 राज्यों में अप्रैल में चुनाव हैं। सभी राज्यों में पार्टियों की जनसभा, रैली और प्रत्याशियों का जनसंपर्क जारी है। इस बीच भाजपा का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त से मिला। शिकायत में कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी चुनाव को हाईजैक कर रही है। ममता बनर्जी घर-घर जाकर वोटर्स को धमका रही हैं। असम के श्रीभूम में पार्टी प्रचार के दौरान कांग्रेस और ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIDUF) के कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई। AIDUF असम में तीसरी सबसे बड़ी पार्टी है। तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने सोमवार को चेन्नई के कोलाथुर सीट से नामांकन दाखिल किया। टीवीके चीफ विजय ने पेरम्बूर सीट से नामांकन दाखिल किया।

चुनाव आयोग (EC) ने पश्चिम बंगाल में SIR जांच-पड़ताल के बाद चौथी सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट जारी की। हालांकि, EC की तरफ से यह जानकारी नहीं दी गई कि कुल कितने नाम हटाए गए या जोड़े गए।
तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन ने कोलाथुर सीट से नॉमिनेशन फाइल किया।
तमिलगा वेत्री कझगम(TVK) के अध्यक्ष और अभिनेता विजय ने पेरम्बूर विधानसभा सीट के लिए सोमवार को नामांकन भरा।

केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी TMC ने चुनाव को हाईजैक कर लिया है। लोगों को डरा-धमका कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग से शिकायत की है। चुनाव आयोग ने उनकी एक-एक बात सुनी।

उन्होंने कहा कि हमने आयोग को बताया कि खुद मुख्यमंत्री घर-घर जाकर वोटरों को धमका रही हैं कि जो बीजेपी को वोट देगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। राज्य का पूरा प्रशासनिक ढांचा, वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर निचले स्तर तक, TMC के कैडर की तरह काम कर रहा है।

रिजिजू ने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से कराए जाएं और पिछली तीन चुनावों की तरह जबरदस्ती के तरीके दोहराए न जाएं।

उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा चुनाव में जनता TMC के खिलाफ जोरदार विरोध दर्ज करा रही है। साथ ही, चुनाव आयोग ने सकारात्मक जवाब दिया है और भरोसा दिलाया है कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।