बगदाद एयरपोर्ट के पास इराकी एयरबेस पर रॉकेट हमला, एयरक्राफ्ट हुआ नष्ट
ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल की जंग को 31 दिन हो गए हैं. सीजफायर के लिए अमेरिका और ईरान ने एक-दूसरे के सामने कड़ी शर्तें रखी हैं. इस बीच पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने ऐलान किया है कि दोनों देश बातचीत के लिए तैयार हैं. डार ने ये भी बताया कि पाकिस्तान दोनों देशों के बीच वार्ता कराने जा रहा है.
पाकिस्तानी विदेश मंत्री ने कहा, ‘हमने क्षेत्र में युद्ध को जल्द और स्थायी रूप से खत्म करने के मुमकिन तरीकों पर बातचीत की. हम इस बात पर सहमत हुए कि ये युद्ध किसी के पक्ष में नहीं है और इससे सिर्फ मौतें और विनाश ही होगा. इस चुनौती से भरे समय में मुस्लिम उम्माह की एकता बहुत जरूरी है.’ एक तरफ पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता कराने के दावे कर रहा है. दूसरी तरफ, तेहरान में हमले जारी हैं और बुनियादी ढांचे पर हमलों के बाद कुछ हिस्सों में बिजली काट दी गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बगाई ने कहा कि अमेरिका और इज़रायल की ओर से तेहरान को भेजे गए प्रस्ताव ज़्यादातर ‘अवास्तविक, अनुचित और हद से ज़्यादा’ थे. बगाई ने आगे कहा कि अमेरिका के साथ कोई सीधी बातचीत नहीं हुई है. उन्होंने कहा, “अब तक बातचीत सिर्फ मध्यस्थों के ज़रिए हुई है.”
इराक के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मोहम्मद अला एयर बेस पर रॉकेट से हमला किया गया, जिससे वहां तैनात विमान नष्ट हो गए. अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस हमले में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. यह घटना क्षेत्रीय संघर्ष के लगातार फैलने को दर्शाती है. ईरान, अमेरिका और इज़रायल के बीच तनाव बढ़ने के साथ-साथ पूरे मिडिल ईस्ट में सैन्य ठिकानों पर हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं.
इराक के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बगदाद एयरपोर्ट के पास स्थित शहीद मोहम्मद अल्ला एयर बेस पर रॉकेट से हमला हुआ. इस हमले में इराकी वायुसेना का एक विमान (Antonov-132) पूरी तरह नष्ट हो गया. हालांकि, इस घटना में किसी की मौत या चोट नहीं लगी.
