रायपुर निगम में 2130 करोड़ का बजट पेश, पंडरी-नरैया में वुमन हॉस्टल, शंकर-नगर-डूमरतराई में बनेगा इलेक्ट्रॉनिक-मार्केट
रायपुर नगर निगम का वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मेयर मीनल चौबे ने 2130 करोड़ 35 लाख 13 हजार रुपए का बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि, पंडरी और नरैया तालाब में वर्किंग वुमन हॉस्टल बनाया जाएगा। नालंदा परिसर की तर्ज पर लाइब्रेरी और यूथ हॉस्टल बनाया जाएगा। शंकर नगर और डूमरतराई में इलेक्ट्रॉनिक मार्केट बनेगा। इसके निर्माण के लिए निगम 100 करोड़ का म्युनिसिपल बांड जारी करेगा। नगर निगम मुख्यालय और पंडरी में ऑटोमैटिक पार्किंग बनेगी। साथ ही उन्होंने बताया कि बढ़ते अपराधों को रोकने के लिए 140 लाख की लागत से 268 कैमरे लगाए गए हैं।
वहीं, बजट पेश करने से पहले कांग्रेस पार्षद दल ने विरोध जताया। सभी पार्षद हाथों में वादों के पोस्टर लेकर ‘वादा तेरा वादा’ गाना गाते हुए सदन में पहुंचे। इस पर सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने नाराजगी जताई। जमकर हंगामा भी हुआ। उन्होंने कहा कि, तख्तियां वापस रखी जाएं, तभी कार्यवाही शुरू हो पाएगी। वहीं, विपक्ष ने कहा कि पहले अधूरी वादों पर चर्चा हो, तभी तख्तियां वापस रखी जाएंगी। इसके अलावा विपक्षी पार्षदों पर कारवाई को लेकर सभापति और एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा के बीच तीखी बहस भी हुई।
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि, महापौर ने जनता को ठगने का काम किया है। टैक्स में छूट के वादे का कोई ज़िक्र नहीं है। पिछले बजट की घोषणाओं को अब तक पूरा नहीं किया गया।
