UP PCS में देवरिया के दो सगे भाइयों ने मारी बाजी, पहले ही अटेम्प्ट में क्लियर किया एग्जाम
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस परीक्षा में देवरिया जिले के बरडीहा मंगरैचा गांव निवासी अभिषेक सिंह और उनके छोटे भाई अनिमेश सिंह का चयन हुआ है. देवरहा बाबा इंटर कॉलेज में बाबू के पद पर कार्यरत अवध बिहारी सिंह के इन दोनों बेटों ने दिल्ली में रहकर एक साथ तैयारी की. बड़े भाई अभिषेक ने आईआईटी मद्रास और दिल्ली यूनिवर्सिटी से शिक्षा प्राप्त की, जबकि छोटे भाई अनिमेश ने जामिया मिलिया इस्लामिया से एमएससी की पढ़ाई पूरी की. दोनों भाइयों ने अपने पहले ही प्रयास में इस प्रतिष्ठित परीक्षा को पास कर परिवार का नाम रोशन किया है. जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने भी चयनित अभ्यर्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं.
अभिषेक और अनिमेश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव और देवरिया के विद्यालयों से पूरी करने के बाद दिल्ली का रुख किया था. अभिषेक ने आईआईटी मद्रास जैसी संस्था से पढ़ाई की और दिल्ली में छोटे भाई का मार्गदर्शन किया. दोनों भाई आईएएस की परीक्षा में भी शामिल हुए थे, लेकिन वहां सफलता न मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी. अपनी कड़ी मेहनत और आपसी सहयोग के दम पर उन्होंने यूपी पीसीएस परीक्षा को क्रैक कर दिखाया. उनके पिता अवध बिहारी सिंह ने बताया कि बच्चों को पढ़ाने के लिए उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जिसमें समाज और मित्रों का बड़ा सहयोग रहा.
इन दो भाइयों के अलावा देवरिया जिले के कई अन्य मेधावियों ने भी पीसीएस परीक्षा में परचम लहराया है. जिले की आयुषीका यादव, त्रिपुरेश मणि त्रिपाठी, अवनीश गोंड, अनुष्का यादव, अभिषेक यादव और उत्पल आनंद यादव का भी चयन हुआ है. एक साथ इतनी बड़ी संख्या में युवाओं की सफलता से जिले के शैक्षणिक संस्थानों और परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है. एसएसबीएल इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल अजय मणि त्रिपाठी समेत कई गणमान्य लोगों ने चयनित छात्रों के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी और उनकी मेहनत की सराहना की.
