रायपुर में नशामुक्ति केंद्र में हैवानियत, पाइप से युवक को बेरहमी से पीटा, पीठ-गर्दन पर गहरे जख्म
छत्तीसगढ़ के रायपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. रायपुर के पंडरी मोवा स्थित साहस नशा मुक्ति केंद्र में एक आदिवासी युवक को पाइप से बेरहमी से पीटने का वीडियो सामने आया है. युवक को उसके परिजनों ने नशे की लत छोड़ने के लिए भर्ती कराया था. नशा मुक्ति केंद्र में युवक के साथ केंद्र संचालिका के बेटे ने मारपीट की. इस मारपीट के कारण युवक की पीठ-गर्दन की चमड़ी छिल गई. इतना ही नहीं उसकी मानसिक स्थिति भी बिगड़ गई. फिलहाल पीड़ित का इलाज विशाखापट्टनम में चल रहा है. जानकारी के अनुसार, ओडिशा के उमरकोट के रहने वाले अंकुर मांझी को उसके माता-पिता ने नशा छुड़ाने के लिए सितंबर 2025 में पंडरी मोवा के साहत नशामुक्ति केंद्र में भर्ती करवाया था. कुछ ही दिनों के बाद उसके साथ मारपीट हुई थी, लेकिन मामले को वहीं दबा दिया गया. जब फरवरी में बेटा वापस घर पहुंचा, तब उसकी हालत देख परिजनों को इस बारे में पता चला.
अंकुर की पीठ और गर्दन की चमड़ी मारपीट के कारण छिल गई थी. इसी के साथ वह बुरी तरह से डरा हुआ था. परिजनों ने उसे डॉक्टरों को दिखाया, तो डॉक्टरों ने मारपीट होने की वजह से उसे मानसिक बीमार बता दिया. जब बेटे से परिजनों ने पूछताछ की तो उसने बताया कि केंद्र संचालिका के बेटे अनिकेश शर्मा ने उसे पाइप से पीटा है. गाली-गलौज भी की. एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें अनिकेश को अंकुर के साथ हिंसक व्यवहार करते हुए देखा जा सकता है. पीड़ित युवक का विशाखापट्टनम में इलाज जारी है.
रायपुर के साहस नशा मुक्ति केंद्र में मरीज के साथ मारपीट का वीडियो वायरल! 😱
परिजनों का आरोप- संचालिका के बेटे अनिकेश शर्मा की प्रताड़ना से मरीज की मानसिक स्थिति बिगड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
#RaipurCrime #BreakingNews #Chhattisgarh #SafetyFirst pic.twitter.com/BHYnLIyGlp— BhilaiToday (@bhilaitoday) March 30, 2026
पीड़ित अंकुर के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जब उनका बेटा केंद्र में भर्ती था, तब उन्हें मिलने भी नहीं दिया जाता था. जब वे मिलने जाते थे तो उन्हें जातिसूचक गालियां दी जाती थीं. अब परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र संचालिक के बेटे अनिकेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र चलाने वाले महिला से केंद्र संचालित करने के दस्तावेज भी मांगे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
