छत्तीसगढ़ में फर्जी सीबीएसई स्कूल, सांसद ज्योत्सना महंत ने लोकसभा में उठाई आवाज
छत्तीसगढ़ में प्राइवेट स्कूलों के कथित माफिया राज पर आज संसद में बड़ा खुलासा हुआ। कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने लोकसभा के प्रश्नकाल के दौरान छत्तीसगढ़ राज्य में बड़े पैमाने पर चल रहे फर्जी सीबीएसई स्कूलों का मुद्दा उठाया। सांसद महंत ने सदन में कहा कि छत्तीसगढ़ में कई ऐसे स्कूल संचालित हो रहे हैं जो खुद को सीबीएसई से संबद्ध बताते हैं, लेकिन वास्तविकता में उनकी मान्यता संदिग्ध है। इन स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और मध्यमवर्गीय अभिभावकों से भारी-भरकम फीस वसूली जा रही है, जबकि छात्रों को सरकार द्वारा निर्धारित निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने इस पूरे मामले को शिक्षा के नाम पर संगठित शोषण बताते हुए सरकार से तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। सांसद ने स्पष्ट कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो यह एक बड़ा शिक्षा घोटाला बन सकता है।
सांसद महंत ने यह भी उल्लेख किया कि प्रदेश के कई अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लगातार इस मुद्दे को उठाने की कोशिश की, लेकिन उनकी आवाज को अनदेखा किया गया। ऐसे में उन्होंने संसद के माध्यम से इस गंभीर समस्या को राष्ट्रीय स्तर पर उठाकर लाखों छात्रों और उनके परिवारों की पीड़ा को सामने लाने का प्रयास किया है।
यह मुद्दा उठते ही अब छत्तीसगढ़ की शिक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
