दिल्ली ने लखनऊ को लगातार पांचवां IPL मैच हराया, इकाना स्टेडियम में 6 विकेट से जीते, रिजवी की फिफ्टी

IPL के पांचवें मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपरजायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया। यह DC की LSG पर लगातार पांचवीं जीत रही। इकाना स्टेडियम में बुधवार को दिल्ली ने बॉलिंग चुनी। लखनऊ 18.4 ओवर में 141 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। दिल्ली ने 17.1 ओवर में 4 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। लखनऊ ने 105 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। यहां शाहबाज अहमद इम्पैक्ट प्लेयर बनकर आए और टीम का स्कोर 141 तक पहुंचा दिया। दिल्ली ने भी पावरप्ले में ही 4 विकेट गंवा दिए थे। यहां इम्पैक्ट प्लेयर समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ सेंचुरी पार्टनरशिप की और टीम को जीत दिलाई। रिजवी प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। दिल्ली से समीर रिजवी ने 70 और ट्रिस्टन स्टब्स ने 39 रन बनाए। थंगारसु नटराजन और लुंगी एनगिडी ने 3-3 विकेट लिए। कुलदीप यादव को 2 विकेट मिले। वहीं लखनऊ से प्रिंस यादव ने 2 विकेट लिए। मोहसिन खान और मोहम्मद शमी को 1-1 विकेट लिया। अब्दुल समद ने 36 और मिचेल मार्श ने 35 रन बनाए।

18वें ओवर की पहली गेंद पर समीर रिजवी ने अब्दुल समद के खिलाफ सिक्स लगाया। इसी के साथ उन्होंने टीम को 6 विकेट से जीत दिला दी। वे 70 रन बनाकर नॉटआउट रहे। उनके सामने ट्रिस्टन स्टब्स ने 39 रन बनाए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 119 रन की पार्टनरशिप की।