छत्तीसगढ़ में बड़ा बदलाव, 30 पुलिस अफसरों के तबादले, जानें किसे कहां मिली पोस्टिंग

छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. पुलिस मुख्यालय ने राज्य के विभिन्न जिलों में पदस्थ 30 पुलिसकर्मियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार 29 इंस्पेक्टर और 1 सब-इंस्पेक्टर का तबादला किया गया है. इस फेरबदल को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है. नए तबादले के अनुसार बड़ी संख्या में इंस्पेक्टर्स को रायपुर नगरीय में पदस्थ किया गया है. वहीं कुछ को बिलासपुर, दुर्ग, रायगढ़, बालोद और धमतरी भेजा गया है और नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. इसके अलावा प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार कई अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है.

इंस्पेक्टर संजीव कुमार मिश्रा और मल्लिका बेनर्जी को पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में पदस्थ किया गया है. वहीं अवधराम साहू को धमतरी, अविनाश सिंह को बालोद, यशवंत प्रताप सिंह और कमला पुषाम को बिलासपुर, मोहन लाल भारद्वाज को दुर्ग, शील आदित्य कुमार सिंह को रायगढ़, शैलेन्द्र कुमार ठाकुर को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और नरेन्द्र कुमार मिश्रा को सूरजपुर भेजा गया है.

तबादले की इस सूची में कई जिलों में लंबे समय से पदस्थ अधिकारियों को नई जगह भेजा गया है, वहीं कुछ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं. यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करने की बात कही गई है. सब-इंस्पेक्टर लक्ष्मीकांत शुक्ला को जिला धमतरी से कबीरधाम भेजा गया है. रायपुर में पदस्थ कई निरीक्षकों को बलरामपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, गरियाबंद सहित अन्य जिलों में पदस्थ किया गया है.

सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द नई जगह पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं. माना जा रहा है कि आने वाले समय में पुलिस विभाग में प्रशासनिक जरूरत के अनुसार और भी फेरबदल हो सकते हैं. ताकि कार्य व्यवस्था और बेहतर बनाया जा सके.