लगातार तीसरी बार फीफा वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने से चूकी इटली

इटली फुटबॉल टीम एक बार फिर फीफा वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने में नाकाम हो गई। चार बार की वर्ल्ड कप चैंपियन इटली 2026 के फीफा वर्ल्ड कप में नजर नहीं आएगी। उनको प्लेऑफ फाइनल में बोस्निया और हर्ज़ेगोविना ने पेनल्टी में हरा दिया। बता दें कि लगातार तीसरी बार इटली फीफा वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने में असमर्थ हुई है।
इसी के साथ इटली वर्ल्ड कप की पहली पूर्व चैंपियन बन गई है, जो लगातार तीन बार वर्ल्ड कप में क्वालीफाई करने में फेल हुई हो। इतना ही नहीं बल्कि इटली के फुटबॉल टीम के मौजूदा प्लेयर्स में से कोई भी आज तक फीफा वर्ल्ड कप नहीं खेल पाया है। बता दें कि इटली ने आखिरी बार वर्ल्ड कप 2014 में खेला था। इटली के लिए 15वें मिनट पर मोइसे कीन ने गोल दागा था। इसके बाद इटली 78वें मिनट तक 1-0 से आगे चल रही थी। 79वें मिनट पर बोस्निया और हर्जेगोविना के लिए हैरिस तबाकोविक ने इक्वालाइजर गोल दागा। इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में गया। 30 मिनट में भी दोनों टीमों में से किसी ने गोल नहीं किया। इसके बाद मैच पेनल्टी में चला गया। पेनल्टी में बोस्निया और हर्जेगोविना ने 4-1 से इटली को हरा दिया और इटली एक बार फिर वर्ल्ड कप खेलने का सपना तोड़ दिया। बता दें कि इटली के स्टार डिफेंडर एलिसांद्रो बास्टोनी को 42वें मिनट पर रेड कार्ड मिल गया था।

इटली चार बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर चुकी है। आखिरी बार इटली ने वर्ल्ड कप 20 साल पहले 2006 में जीता था। उसके पहले इटली 1934, 1938 और 1982 में भी फीफा वर्ल्ड कप अपने नाम कर चुकी है।

हालांकि, 2006 में वर्ल्ड कप जीतने के बाद इटली का सफर विश्व कप में काफी खराब रहा। 2010 और 2014 के फीफा वर्ल्ड कप में इटली ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई थी। वहीं 2018 और 2022 के वर्ल्ड कप के लिए तो वे क्वालीफाई ही नहीं कर पाए। वहीं बोस्निया ने फीफा वर्ल्ड कप में 12 साल बाद वापसी की है। 2014 में उन्होंने डेब्यू किया था। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में वे ग्रुप बी में को होस्ट कनाडा,कतर और स्विट्जरलैंड के साथ हैं।