IPL में आज KKR vs SRH, दोनों टीमें अपने पहले मैच हारीं

कोलकाता नाइट राइडर्स IPL 2026 के छठे मैच में अपने होम ग्राउंड पर आज सनराइजर्स हैदराबाद का सामना करेगी। यह मैच ईडन गार्डन्स में शाम 7:30 बजे शुरू होगा। जबकि टॉस 7:00 बजे होगा। दोनों टीमों को अपने-अपने पहले मैच में हार झेलनी पड़ी थी। सीजन के पहले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था। वहीं, 4 बार की चैंपियन कोलकाता को मुंबई इंडियंस के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में हार का सामना करना पड़ा था। कोलकाता और हैदराबाद के बीच अब तक 30 IPL मुकाबले खेले गए हैं। इनमें कोलकाता ने 19 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद को 10 जीत मिली है। एक मैच टाई रहा था, जिसे सुपर ओवर में कोलकाता ने अपने नाम किया। ईडन गार्डन्स में दोनों टीमों के बीच 11 मुकाबले हुए हैं। यहां होम टीम कोलकाता का दबदबा रहा है, जिसने 8 मैच जीते हैं, जबकि हैदराबाद को 3 मुकाबलों में सफलता मिली है।

कोलकाता की बॉलिंग इस सीजन टीम के लिए चिंता की बात है। शुरुआत में ऐसा लगा था कि टीम ने एक मजबूत तेज गेंदबाज़ी आक्रमण तैयार कर लिया है, लेकिन चोटों और खिलाड़ियों की उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं ने इस ताकत को कमजोर कर दिया है। हर्षित राणा और आकाश दीप टीम से बाहर हैं, मथीश पथिराना को अभी श्रीलंका क्रिकेट से NOC नहीं मिला है, जबकि 25.20 करोड़ रुपए में खरीदे गए कैमरन ग्रीन फिलहाल सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर ही उपलब्ध हैं।

गेंदबाजी में गहराई की यह कमी मुंबई के खिलाफ पहले मैच में साफ नजर आई, जहां कोलकाता 220 रनों का बड़ा स्कोर भी डिफेंड करने में नाकाम रही। इसके अलावा स्पिन डिपार्टमेंट भी टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। वरूण चक्रवर्ती को उस मैच में कोई विकेट नहीं मिला और उन्होंने 48 रन खर्च किए।

हैदराबाद अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और ट्रैविस हेड जैसे सितारों से सजा टॉप ऑर्डर कागज पर मजबूत दिखता है, लेकिन गेंदबाजी विभाग टीम की सबसे बड़ी चिंता बना हुआ है। खासकर कप्तान पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में SRH की कमजोरी उजागर हुई, जब टीम 201 रन का स्कोर भी बचाने में नाकाम रही।

पहले मैच में नीतीश कुमार रेड्डी, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और ईशान मलिंगा जैसे गेंदबाज RCB को रोकने में संघर्ष करते दिखे। वहीं बल्लेबाजी में भी टीम को निराशा मिली, जब अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड जल्दी आउट हो गए। हालांकि कमिंस ने नेट्स में गेंदबाजी शुरू कर दी है और टूर्नामेंट के बीच में वापसी कर सकते हैं, लेकिन फिलहाल SRH को अपने कप्तान के बिना ही संतुलन बनाना होगा और टॉप ऑर्डर से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करनी होगी।