महिला फुटबॉल में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन, झारखंड को हराकर जीता स्वर्ण पदक
खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की महिला फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम, कोटा में खेले गए फाइनल मुकाबले में छत्तीसगढ़ ने झारखंड को 1-0 से हराकर खिताब जीता। फाइनल मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले हाफ में दोनों टीमों ने मजबूत डिफेंस और आक्रमण का संतुलित प्रदर्शन किया, जिसके चलते स्कोर 0-0 पर बराबरी पर रहा। दूसरे हाफ में मैच का रुख बदला, जब छत्तीसगढ़ की कप्तान किरण पिस्दा ने निर्णायक गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इस गोल के बाद टीम ने शानदार तालमेल और मजबूत रक्षा के दम पर झारखंड को वापसी का मौका नहीं दिया और अंत तक बढ़त कायम रखी।
रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में खिलाड़ियों के शानदार खेल और टीमवर्क ने दर्शकों का दिल जीत लिया। पूरे मैच के दौरान स्टेडियम में उत्साह का माहौल बना रहा। इस जीत के साथ छत्तीसगढ़ ने महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर राज्य का गौरव बढ़ाया है। फाइनल मुकाबले के दौरान खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
