नागिन 7 सीरियल बंद हो सकता है, कमजोर कहानी और AI के इस्तेमाल से गिरी टीआरपी
एकता कपूर का सुपरनैचुरल शो ‘नागिन 7’ शुरू होने के महज 3 महीने बाद ही बंद हो सकता है। भारी टीआरपी साथ शुरू हुए इस शो की रेटिंग अब लगातार गिर रही है। इसके पीछे कमजोर कहानी और विजुअल इफेक्ट्स में एआई (AI) के ज्यादा इस्तेमाल को मुख्य वजह माना जा रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह शो जल्द ही बंद हो सकता है। मेकर्स ने 25 दिसंबर 2025 को नागिन 7 का प्रीमियर किया था। शुरुआत में शो को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला और पहले ही एपिसोड ने टीआरपी के पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। शुरुआती दो महीनों तक शो ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन इसके बाद कहानी और प्रेजेंटेशन को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी कम होने लगी।
शो में वीएफएक्स (VFX) की जगह एआई तकनीक के इस्तेमाल ने मेकर्स की मुश्किलें बढ़ा दीं। एकता कपूर ने बजट बचाने के लिए एआई के जरिए विजुअल्स तैयार करवाए, जिसे सोशल मीडिया पर ‘सस्ता और खराब’ बताकर ट्रोल किया गया। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एकता ने कहा था कि उनके पास शो के लिए ज्यादा बजट नहीं है, इसलिए वे इस तकनीक का सहारा ले रही हैं। हालांकि, आज की समझदार ऑडियंस और ‘जेन-जी’ (Gen Z) को यह प्रयोग रास नहीं आया।
शो की लीड एक्ट्रेस प्रियंका चाहर चौधरी की परफॉर्मेंस भी फैंस की कसौटी पर खरी नहीं उतर पाई। दर्शकों ने सोशल मीडिया पर उनकी तुलना मौनी रॉय और अदा खान जैसे ‘नागिन’ के पुराने चेहरों से शुरू कर दी। फैंस का मानना है कि मौनी रॉय का इस शो की मेन रोल था और प्रियंका वह जादू पैदा नहीं कर सकीं। इसी नाराजगी का असर टीआरपी पर दिखा और शो टॉप 10 की लिस्ट से बाहर हो गया।
गिरती रेटिंग के चलते चैनल और मेकर्स इसे बंद करने का मन बना चुके हैं। हालांकि, अभी तक इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
