इंडस्ट्रियल डीजल के दाम में ₹28 की बढ़ोतरी, सीमेंट के दाम ₹50 बढ़ने की संभावना

सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां जैसे इंडियन ऑयल, बीपीसीएल और हिंदुस्तान पेट्रोलियम ने मध्य पूर्व में जारी युद्ध और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के चलते इंडस्ट्रियल डीजल के दामों में बड़ी बढ़ोतरी की है। बढ़ी हुईं दरें बुधवार, 1 अप्रैल को लागू हो गई हैं। 20 मार्च को भी इंडस्ट्रियल डीजल की कीमतों में 22 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ था, जिससे दिल्ली में यह कीमत 87.67 रुपये से बढ़कर 109.59 रुपये हो गई थी। वहीं, प्रीमियम 95-ऑक्टेन पेट्रोल की कीमत में 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इंडस्ट्रियल डीजल को एचएसडी भी कहा जाता है, जो सीधे कमर्शियल यूनिट्स को थोक में बेचा जाता है। इस डीजल की कीमत में 28.22 रुपये प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। यह करीब 25 प्रतिशत से अधिक महंगा हो गया है। नए रेट के मुताबिक अब इंडस्ट्रियल डीजल 109.59 रुपये से बढ़कर 137.81 रुपये प्रति लीटर हो गया है।ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के अनुसार, फर्नेस ऑयल (FO) की कीमत में भी 23.77 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया है।

सीमेंट की कीमतों में प्रति बोरी ₹20-₹50 तक की वृद्धि होने की संभावना है। यह बढ़ोतरी मध्य पूर्व में जारी तनाव के कारण माल ढुलाई और उत्पादन लागत में वृद्धि के चलते हो रही है। पेट्रोल-लिंक्ड लागत और पॉलीप्रोपाइलीन (पैकेजिंग सामग्री) की कमी से लागत बढ़ी है।