दिल्ली-NCR और जम्मू-कश्मीर में भूकंप के तेज झटके, 5.9 तीव्रता दर्ज

दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार रात को भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान का हिंदूकुश था। अफगानिस्तान में भूकंप में 8 लोगों की मौत हो गई। सभी मृतक एक ही परिवार के थे, जिनकी मौत घर गिरने से हुई। भारत में फिलहाल नुकसान की खबर नहीं है। पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल में रात 9: 46 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। घबराए लोग घरों से बाहर आ गए। भूकंप के दौरान घरों में पंखे और झूमर हिलने लगे। लोगों ने इसके वीडियो बना लिए। पठानकोट के भुल्ला चौक बाजार से घर में लटकाए तालों के हिलते का वीडियो सामने आया। ये वीडियो घर के मालिक अनमोल शर्मा ने बनाया। अभी नुकसान के बारे में कहीं से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई हैं।