बिहार में मैरिज हॉल पर रेड, 80 युवक-युवतियों को पकड़ा गया

बिहार के रोहतास में एक मैरिज हॉल में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त छापेमारी के दौरान तकरीबन 80 युवक-युवतियों को पकड़ा गया है. यह पूरा मामला देह व्यापार की आशंका से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. छापेमारी में पकड़े गए युवक युवतियों से पुलिस पूछताछ कर रही है. दरअसल, शुक्रवार को जिले के दावथ थाने क्षेत्र के मालियाबाग में उस वक्त हड़कंप मच गया जब प्रशासन की टीम ने एक निजी मैरिज हॉल में अचानक छापेमारी शुरू कर दी. यह कार्रवाई बिक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार के नेतृत्व में की गई. जिसमें एक बड़े अवैध नेटवर्क के खुलासे के संकेत मिले हैं. पुलिस और प्रशासन की टीम को देखकर कई युवक-युवतियां भागने लगे, इसके बाद टीम ने पकड़ लिया. छानबीन के दौरान करीब 80 युवक युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया है. बिक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली कि इस मैरिज हॉल की आड़ में अवैध गतिविधियां चलाई जा रही है. संचालक द्वारा प्रेमी-प्रेमिकाओं और देह व्यापार से जुड़े लोगों को कुछ घंटे के लिए कमरा उपलब्ध कराए जाते थे.

इधर, पुलिस के मुताबिक पकड़े गए लोगों में से 40 से अधिक युवतियां शामिल हैं, जो स्थानीय थाना क्षेत्र की बताई जा रही हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि इनमें से कई शादीशुदा महिलाएं भी हैं. मौके से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं जिससे पूरे मामले के देह व्यापार से जुड़े होने की आशंका और गहरा गई है.

छापेमारी के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए स्थानीय पुलिस को भी बुलाया गया. पुलिस मौके पर पहुंचकर संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही मैरिज हॉल के कई कर्मचारियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.