छत्तीसगढ़ के कई जिलों में येलो अलर्ट, 5 दिनों तक गरज-चमक के साथ होगी बारिश

छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले हैं. एक बार फिर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और हल्की बारिश की चेतावनी जारी है. इस बदलाव का असर प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में देखने को मिलेगा. विशेष रूप से 4 अप्रैल को कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. मौसम के बदलाव के साथ तापमान में गिरावट आने और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. पिछले 24 घंटे की तो मध्य छत्तीसगढ़ में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, अन्य क्षेत्रों में तापमान स्थिर बना हुआ है. मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में पारे में बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन इसके बाद आने वाले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिनों तक उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही गरज-चमक और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया है. प्रदेश के दो जिलों, अंबिकापुर और कांकेर में मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए येलो अलर्ट जारी किया है. इन क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टी की संभावना है. शनिवार यानी 4 अप्रैल को प्रदेश के कुछ अन्य हिस्सों में भी ओले गिरने से फसलों में नुकसान होने की आशंका है. हाल के दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश पहले ही दर्ज की जा चुकी है. आंकड़ों के अनुसार, ओरछा में सबसे ज्यादा 3 सेमी बारिश दर्ज की गई. वहीं वर्तमान में राजनांदगांव 40 डिग्री तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है. मौसम में आ रहे बदलाव के पीछे दो सिनोप्टिक सिस्टम का सक्रिय होना है. पहला ट्रफ उत्तरी मध्यप्रदेश से उत्तरी विदर्भ तक 0.9 किमी की ऊंचाई पर बना हुआ है. इसके अलावा, दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर 1.5 से 3.1 किमी के बीच एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है. इन दोनों प्रणालियों के चलते नमी आ रही है और बादल बन रहे हैं.

रायपुर में आज यानी 4 अप्रैल को दिनभर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. यहां तेज हवाओं के साथ हल्की बौछारें पड़ सकती हैं. रायपुर का अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.