IPL में आज का दूसरा मुकाबला GT Vs RR, वैभव के सामने रबाडा-सिराज की चुनौती

IPL में शनिवार का दूसरा मैच गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जाएगा। यह इस सीजन का नौवां मुकाबला होगा। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। टॉस 7 बजे होगा। राजस्थान ने अपना पहला मैच चेन्नई के खिलाफ जीता। वहीं गुजरात को पंजाब किंग्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। IPL में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स 8 बार आमने-सामने हुई हैं। इसमें GT ने 6 और RR ने 2 मैच जीते। पिछले सीजन दोनों टीमों ने आपसी हुए दो मुकाबले में एक-एक मैच जीते थे। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स को मजबूत माना जा रहा है। सबसे बड़ी वजह है 15 साल के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का शानदार फॉर्म। वैभव ने IPL 2026 के अपने पहले मैच में चेन्नई के खिलाफ सिर्फ 15 गेंदों में 50 रन ठोक दिए थे। उन्होंने 17 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 5 छक्के शामिल थे। हालांकि, इस बार उनका सामना कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा जैसे इंटरनेशनल पेस अटैक से होगा, जो उनके लिए बड़ा टेस्ट साबित हो सकता है।

गुजरात टाइटंस के पास कागिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा की तिकड़ी है। कप्तान शुभमन गिल ने पिछले मैच में 39 रन बनाए थे। वहीं टीम की बैटिंग चिंता का विषय रही है। गिल, जोस बटलर और साई सुदर्शन तेजी से रन नहीं बना पा रहे हैं। मिडिल ऑर्डर भी ज्यादा भरोसेमंद नहीं दिखा है।