वाराणसी में LPG की कालाबाजारी का भंडाफोड़, 200 काॅमर्शियल सिलिंडर बरामद
वाराणसी : कैंट थाना क्षेत्र के घोषाबाद में LPG गैस सिलिंडर की कालाबाजारी के बड़े खेल का भंडाफोड़ हुआ है. यहां बंद पड़े पेट्रोल पंप परिसर में अवैध रूप से भंडारण किए गए 200 काॅमर्शियल गैस सिलिंडर की बड़ी खेप पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम ने जब्त की है. मामले की प्राथमिक जांच में अवैध भंडारण का मामला सामने आया है और इसमें एक गैंस एजेंसी संचालक की भूमिका संदेह के घेरे में है. अधिकारी जांच के बाद ही कोई खुलासा करने की बात कह रहे हैं.
बताया गया कि कैंट थाना क्षेत्र के चौकाघाट इलाके में लगभग 200 काॅमर्शियल सिलिंडर का भंडारण किया गया था. इसे रखने वाला व्यक्ति मिर्जापुर के अदलहाट में गैस एजेंसी का संचालक है. पुलिस और आपूर्ति विभाग को जब इसके सूचना मिली तो रविवार को संबधित गोदाम पर छापेमारी की. इस दौरान 200 गैस सिलिंडर मिले. आपूर्ति अधिकारियों की मानें तो प्रथमदृष्टया मामला अवैध भंडारण का है. जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
एसीपी ने बताया कि बंद पेट्रोल पंप परिसर में अवैध तरीके से गैस गोदाम होने की सूचना मिली थी. छापेमारी में मौके से लगभग 200 काॅमर्शियल गैस सिलिंडर बरामद हुए है. यह सभी सिलिंडर भरे हुए हैं. प्राथमिक जानकारी में आया है कि जिसने सिलिंडर का भंडारण किया था, उनकी मिर्जापुर में गैस एजेंसी है. जांच के बाद ही सारे तथ्य सामने आएंगे. आपूर्ति अधिकारी प्रदीप कुमार शुक्ला की मानें तो यहां सिलिंडर अवैध रूप से रखे गए थे. कालाबाजारी की आशंका है. जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी.
