गंगा की लहरों पर ‘शराब पार्टी’! वाराणसी में वायरल वीडियो से मचा बवाल
उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा नदी में नाव पर सवार कुछ युवकों द्वारा शराब पार्टी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो इफ्तार के बाद का है, जिसमें युवक खुलेआम शराब पीते और डीजे की धुन पर मस्ती करते नजर आ रहे हैं. गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा गंगा नदी में नाव पर डीजे बजाने और किसी भी तरह की पार्टी करने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है. इसके बावजूद वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक न केवल शराब का सेवन कर रहे हैं, बल्कि तेज आवाज में संगीत बजाकर जश्न मना रहे हैं. यह सीधे-सीधे प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना मानी जा रही है. स्थानीय लोगों और नाविकों के अनुसार, वीडियो में दिख रही नाव और युवक अस्सी घाट क्षेत्र से जुड़े बताए जा रहे हैं. यही नहीं, यह भी आरोप है कि युवक मिर्जापुर स्थित ‘बड़ी शीतला माता’ के दरबार में बधावा चढ़ाने जा रहे थे और उसी दौरान उन्होंने गंगा में यह पार्टी की. इस घटना को लेकर स्थानीय नाविकों में भारी आक्रोश है. नाविकों का कहना है कि मां गंगा उनके लिए आस्था और जीवनयापन का साधन दोनों हैं. ऐसे में इस तरह की हरकतें न सिर्फ धार्मिक भावनाओं को आहत करती हैं, बल्कि काशी की गरिमा को भी ठेस पहुंचाती हैं. नाविकों ने प्रशासन और पुलिस से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
वाराणसी में मां गंगा के बीचों बीच बीयर पीते मासूम युवा pic.twitter.com/ogW8JHmXIk
— Adil (@_Adil_Waseem) April 6, 2026
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि जब गंगा में इस तरह के आयोजनों पर रोक है, तो फिर खुलेआम नियमों का उल्लंघन कैसे हो रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
