NSUI ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय घेराव किया, छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग
रायपुर में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता यूनिवर्सिटी पहुंचे, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें मुख्य गेट पर रोक लिया। इससे नाराज कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों से मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शन खत्म किया। NSUI ने चेतावनी दी है कि सात दिनों के अंदर जबाव नहीं मिलेगा तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस-प्रशासन के माध्यम से उन्हें आश्वस्त किया है कि मांगों को अगले 24 घंटे के भीतर राज्यपाल और सरकार तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 7 दिनों के भीतर जवाब नहीं आाता तो उग्र प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जवाबदारी सरकार और शासन-प्रशासन की होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी छात्रसंघ चुनाव की मांग उठाई गई थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनाव कराने की घोषणा की थी और नोटिफिकेशन भी जारी हुआ था, लेकिन बीजेपी सरकार बनने के बाद उसे रद्द कर दिया गया। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रहेगी।
यह सिर्फ रायपुर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों में एक साथ घेराव कर छात्र हितों की आवाज उठाई गई। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय और आयुष विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ का भी घेराव किया गया।
