खेत में निकला ‘इंसानी हाथ’, किसान ने बेचने से कर दिया इनकार
चीन के इस बुजुर्ग किसान को अपनी मेहनत का ऐसा फल मिलेगा, उसने सपने में भी नहीं सोचा था. दिन का समय था…सूरज चमक रहा था और चाचा अपने खेत में रतालू (Yam) खोद रहे थे. अचानक उन्हें कुछ अजीब सा अहसास हुआ. जैसे ही उन्होंने मिट्टी हटाई, उनकी चीख निकल गई. जमीन के अंदर से पांच उंगलियों वाला एक बिल्कुल इंसानी हाथ जैसा दिखने वाला रतालू (रतालू (Purple Yam) एक पौष्टिक कंद वाली जड़ वाली सब्जी है, जो जमीन के नीचे उगती है) बाहर आया. शुरुआत में तो किसान को लगा कि कहीं उसने कोई लाश तो नहीं खोद दी. वह बुरी तरह घबरा गया था, लेकिन जब उसे धोया और साफ किया, तो पता चला कि यह तो सिर्फ एक सब्जी है, जिसकी शक्ल हुबहू इंसानी हाथ जैसी है. अब भाई, सोशल मीडिया का जमाना है, खबर आग की तरह फैल गई. लोग दूर-दूर से इस ‘जादुई रतालू’ को देखने आने लगे. बात सिर्फ देखने तक नहीं रुकी, पैसे की बरसात भी शुरू हो गई. ऑनलाइन और ऑफलाइन खरीदारों ने इस अजीबोगरीब रतालू के लिए बोलियां लगानी शुरू कर दीं. आपको यकीन नहीं होगा, लेकिन एक शख्स ने तो इसे खरीदने के लिए 8,000 युआन (करीब 1.25 लाख रुपये से ज्यादा) की पेशकश कर दी.
जहां कोई भी आम इंसान इतनी मोटी रकम देखकर फौरन डील पक्की कर लेता, वहीं हमारे इन किसान चाचा का मिजाज थोड़ा अलग निकला. उन्होंने साफ कह दिया ‘ये बिकाऊ नहीं है.’ उन्होंने इतने भारी-भरकम ऑफर को ठुकरा दिया. उनका मानना है कि यह कुदरत का एक नायाब तोहफा है और वह इसे अपने पास ही रखना चाहते हैं. फिलहाल, यह हाथ वाला रतालू एक पत्थर के बर्तन में सुरक्षित रखा गया है. लोग इसे किसी अजूबे से कम नहीं मान रहे. वाकई, कुदरत की कारीगरी का कोई मुकाबला नहीं है, कभी-कभी वो ऐसी चीजें बना देती है कि दुनिया बस देखती रह जाए.
