छत्तीसगढ़ की रद्द 12 मेमू-पैसेंजर ट्रेनें बहाल, रायपुर, गेवरारोड, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा, गोंदिया के यात्रियों को राहत
SECR (दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे) ने 8 से 10 अप्रैल के बीच रद्द की गई 12 पैसेंजर और मेमू ट्रेनों को बहाल कर दिया है। रेलवे के इस फैसले से रायपुर, गेवरारोड, बिलासपुर, रायगढ़, झारसुगुड़ा और गोंदिया के यात्रियों की परेशानी कम होंगी। इसके साथ ही ग्रीष्मकाल के दौरान बिलासपुर से होकर कई समर स्पेशल ट्रेनें भी गुजरेंगी। इनमें पटना-चर्लपल्ली-पटना समर स्पेशल ट्रेन 8 अप्रैल, बुधवार को पटना से चर्लपल्ली के लिए रवाना होगी। इसे 15-15 फेरों के लिए चलाया जा रहा है दरअसल बिलासपुर मंडल के अकलतरा स्टेशन पर चौथी लाइन कनेक्टिविटी का काम चल रहा है। इसके तहत नॉन-इंटरलॉकिंग काम भी प्रस्तावित है। इस काम के चलते रेलवे ने 8 से 10 अप्रैल तक दर्जन भर से अधिक ट्रेनों को रद्द कर दिया था। जिन यात्री ट्रेनों को पहले रद्द किया गया था या बीच रास्ते तक ही चलाया जा रहा था, उन्हें अब रेलवे प्रशासन ने फिर से शुरू कर दिया है। अब ये सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चलेंगी। वहीं बिलासपुर रेलवे जोन की 10 पैसेंजर ट्रेनें 11 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में रद्द की गई हैं।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि री-स्टोर की गई सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर ही चलेंगी। बता दें कि भीषण गर्मी में रेलवे ने ट्रेनों को कैंसिल कर यात्रियों की दिक्कतें बढ़ा दी थी। दैनिक रेलयात्री संघ ने लगातार ट्रेनों को निरस्त करने पर नाराजगी जताई थी। साथ ही यात्रियों को होने वाली असुविधा को उजागर किया था। यही वजह है कि अब रेलवे ने यात्री सुविधा के चलते यह फैसला लिया है।
इधर गर्मी के दौरान बिलासपुर से होकर कई समर स्पेशल ट्रेनें गुजरेंगी। इनमें से पटना-चर्लपल्ली-पटना समर स्पेशल ट्रेन आज यानी 8 अप्रैल को पटना से चर्लपल्ली के लिए रवाना होगी। इसे 15-15 फेरों के लिए चलाया जा रहा है। दरअसल समर सीजन में नियमित ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है। इसके चलते यात्रियों को कंफर्म बर्थ नहीं मिल रहा है। कई गाड़ियों में नो रूम की स्थिति बन गई है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए समर स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। पटना-चर्लपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन 8 अप्रैल से 27 मई तक 15 फेरों के लिए चलाई जाएगी। गाड़ी संख्या 03253 पटना से हर सोमवार और बुधवार को रवाना होगी। वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 03254 बुधवार को और 03255 हर शुक्रवार को चर्लपल्ली से चलेगी। 22 कोच वाली यह ट्रेन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया सहित गया, रांची और नागपुर जैसे स्टेशनों पर रुकेगी।
इसी क्रम में तिरुपति-रक्सौल-तिरुपति के बीच भी 7 फेरों के लिए स्पेशल ट्रेन चलेगी। गाड़ी संख्या 07051 तिरुपति से 13 अप्रैल से 25 मई तक हर सोमवार और गाड़ी संख्या 07052 रक्सौल से 16 अप्रैल से 28 मई तक हर गुरुवार को रवाना होगी।
24 कोच वाली यह ट्रेन भी बिलासपुर जोन के चारों प्रमुख स्टेशनों बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया में ठहरेगी, जिससे यात्रियों को कंफर्म बर्थ मिलने में आसानी होगी।
बिलासपुर रेलवे जोन की 10 पैसेंजर ट्रेनें 11 अप्रैल से 27 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों में नहीं चलेंगी। इनमें बिलासपुर और रायपुर से गुजरने वाली कई ट्रेनें हैं। इस वजह से रायगढ़, कोरबा, गेवरा रोड से बिलासपुर और रायपुर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और समता एक्सप्रेस भी 27 अप्रैल तक अलग-अलग तारीखों में कैंसिल की गई है। गोंदिया स्टेशन पर नए ट्रैक के काम के कारण ये ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। वहीं बिलासपुर मंडल में बिलासपुर-झारसुगुड़ा सेक्शन पर चौथी लाइन का निर्माण कार्य किया जाना है। इसके लिए वहां ब्लॉक लिया जा रहा है।
