राजनांदगांव : तांत्रिक क्रिया में खर्च किए 4 करोड़, कार भी खरीदी, शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर ठगे थे

राजनांदगांव में शेयर मार्केट के नाम पर करीब 4 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने ठगी की रकम को तंत्र-मंत्र यानी तांत्रिक क्रियाओं में खर्च कर दिया. साथ ही बची हुई रकम को उसने अपनी सुख-सुविधाओं पर खर्च कर दिया. फरियादी की आत्महत्या से शुरू हुई जांच के बाद कोतवाली पुलिस ने इंदौर से आरोपी को पकड़ा है. जानकारी के अनुसार, आरोपी अजीज खान ने कोमल साहू से करीब 4 करोड़ रुपए अलग-अलग किश्तों में लिए थे. कोमल ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया. इससे परेशान होकर कोमल ने 17 अक्टूबर 2025 को जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

घटना के बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की. जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अजीज खान मूल रूप से इंदौर का रहने वाला है. उसने शेयर ट्रेडिंग के नाम पर कई लोगों से करोड़ों रुपए लिए थे. कई बार पैसे वापस मांगने पर भी आरोपी ने रुपए नहीं लौटाए तो कोमल ने आत्महत्या जैसा कदम उठा लिया था.

राजनांदगांव, एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी अजीज खान को इंदौर से गिरफ्तार किया है. पूछताछ में उसने कबूल किया कि ठगी की रकम का उपयोग कार खरीदने और तंत्र-मंत्र में किया. पुलिस आरोपी के बैंक खातों की जांच कर रही है.