रायपुर में असम सीएम हिमंता सरमा का पुतला दहन, खड़गे पर टिप्पणी से गरमाई सियासत
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और दलित नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ अभद्र भाषा के विरोध में रायपुर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा का पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई, हालांकि कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे। यह प्रदर्शन बुधवार को राजीव गांधी चौक पर किया गया। जहां बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पुतला दहन के दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने की कोशिश की, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने पुतला जलाकर विरोध दर्ज कराया। रायपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्री कुमार मेनन ने कहा कि, असम सरकार कांग्रेस नेताओं पर दबाव बनाने के लिए एफआईआर और छापेमारी जैसी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पवन खेड़ा के घर भी पुलिस ने रेड की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी भी दबाव से डरने वाली नहीं है।
कांग्रेस नेता आकाश शर्मा ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि, पार्टी के नेता पूरी तरह बौखला गए हैं। असम के मुख्यमंत्री और उनके परिवार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगे है। इन सभी बातों का विरोध करने से असम के सीएम कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
