बिलासपुर में आज से बिकेंगे अंडे-चिकन, पोल्ट्री फार्म में मौजूद मुर्गियां ही बेची जाएंगी, 2 महीने तक बाहर से नहीं ला सकेंगे
बिलासपुर के कोनी स्थित सरकारी कुक्कुट प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद 25 मार्च से 1 से 10 किमी तक के क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित कर चिकन और अंडों की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। अब प्रशासन ने इसमें आंशिक छूट दे दी है। व्यापारी अपनी दुकानें खोलने के साथ ही चिकन और अंडे बेच सकते हैं, लेकिन इसके लिए कुछ शर्तें लागू की गई हैं। पशुपालन विभाग के संयुक्त संचालक (जेडी) डॉ. एसएस तंवर ने बताया कि जिन पोल्ट्री फार्मों में जितना स्टॉक उपलब्ध है, केवल उसी की बिक्री की अनुमति दी गई है। अगले दो महीनों तक कोई भी व्यापारी बाहर से नया माल लाकर बिक्री नहीं कर सकेगा। जिला प्रशासन ने इस पर सख्त प्रतिबंध लगाया है। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि पशु चिकित्सा विभाग की ओर से 1 से 10 किमी तक के क्षेत्र की लगातार निगरानी की जाएगी। केंद्र और राज्य की टीम ने लगातार तीन दिनों तक संक्रमित और प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं पर संतोष जताया है। करीब 18 दिन बाद व्यापारियों को राहत मिली है, लेकिन यह सीमित है। एक व्यापारी के अनुसार मौजूदा स्टॉक 8 से 10 दिनों में खत्म हो जाएगा, जिसके बाद कारोबार ठप होने की स्थिति बन सकती है।
संक्रमित क्षेत्र से बाहर 1 से 10 किमी के दायरे को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है। यहां भारत सरकार के पोस्ट ऑपरेशन सर्विलांस प्लान के तहत हर 15 दिन में नमूने लिए जाएंगे। प्रत्येक चरण में 25% क्षेत्र से सैंपल कलेक्शन होगा, जिससे तीन माह तक चार चरणों में पूरे क्षेत्र की जांच पूरी की जाएगी। सभी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही क्षेत्र को रोगमुक्त घोषित किया जाएगा।
