‘सांप पर भरोसा किया जा सकता है लेकिन BJP पर नहीं’: CM ममता

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अपने चरम पर पहुंच गया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जोरदार हमला बोला। ममता ने बीजेपी की तुलना सांप से करते हुए कहा कि सांप पर भरोसा किया जा सकता है लेकिन बीजेपी पर नहीं। इस दौरान ममता ने दावा किया कि बीजेपी असम के लोगों के वोट के दम पर अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नहीं थी इसलिए वह वहां के चुनाव के लिए बाहर से लोगों को लेकर आई। ममता बनर्जी ने उत्तर 24 परगना जिले के तेंतुलिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र में बीजेपी सरकार के रहते देश में कोई भी एजेंसी तटस्थ नहीं है क्योंकि बीजेपी ने सबको खरीद लिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश से 50,000 लोगों को लेकर एक पूरी ट्रेन असम भेजी गई।

ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में दो चरण में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के मध्य आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज होने के बीच यह टिप्पणी की। बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के दौरान मतदाता सूची से 90 लाख नाम हटा दिए गए हैं। तृणमूल प्रमुख ने कहा कि एक अखबार की खबर के अनुसार, हटाए गए 90 लाख नाम में से 60 लाख हिंदुओं के और 30 लाख मुसलमानों के हैं।

उन्होंने कहा कि बीजेपी पर कभी भरोसा नहीं करना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि असम में एनआरसी (राष्ट्रीय नागरिक पंजी) की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए 19 लाख नामों में 13 लाख हिंदुओं और छह लाख नाम मुसलमानों के थे। असम की 126 सदस्यीय विधानसभा के चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को एक चरण में हुआ। (इनपुट एजेंसी)