महाराष्ट्र के मंत्री का हेलिकॉप्टर कार पार्किंग में उतरा, भुजबल पुणे पहुंचे थे

महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल का हेलिकॉप्टर शनिवार सुबह पुणे के पुरंदर इलाके में हेलीपैड से एक किलोमीटर दूर पार्किंग एरिया पर उतर गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब भुजबल पुणे में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। यह हेलिकॉप्टर उन्होंने किराए पर लिया था। घटना में किसी के घायल होने या अन्य नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। हेलिकॉप्टर की लैडिंग का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिखा कि पार्किंग एरिया में कई कार कतार में खड़ी थी। वहीं पर गाड़ियों के सामने हेलिकॉप्टर की लैंडिंग की गई। इस दौरान धूल का एक बड़ा गुबार उठता हुआ दिखाई दिया।

घटना को लेकर भुजबल ने बताया-

पायलट ने पार्किंग एरिया पर गलत जगह लैंडिंग की। हम सभी सुरक्षित हैं।

पायलट, क्रू मेंबर या हेलिकॉप्टर ऑपरेट करने वाली कंपनी की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है। वहीं पुणे ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वे इस मामले की रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को देंगे और पायलट के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियम के मुताबिक, जब भी किसी हेलिकॉप्टर को किसी विशेष क्षेत्र में उतरना होता है, तो स्थानीय लोक निर्माण विभाग हेलिकॉप्टर के क्रू-मेंबर को निर्देश देता देता है। पुणे जिला पुलिस ने बताया कि उन्होंने हेलीपैड तैयार किया था और क्रू मेंबर को इसकी जानकारी थी, लेकिन उन्होंने इसे नजरअंदाज कर दिया।