कोलकाता IPL सीजन में चौथा मैच हारी, चेन्नई ने 32 रन से हराया, नूर अहमद ने 3 विकेट झटके
कोलकाता नाइट राइडर्स को IPL के मौजूदा सीजन में चौथी हार झेलनी पड़ी है। उसे चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने होम ग्राउंड चेपॉक में 32 रन से हरा दिया। मंगलवार को 192 रन का टारगेट चेज करते हुए कोलकाता की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 160 रन ही बना सकी। इससे पहले टॉस हारकर बैटिंग करते हुए CSK ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 192 रन बनाए।
CSK की ओर से नूर अहमद ने तीन विकेट झटके। उन्होंने कप्तान अजिंक्य रहाणे (28 रन), कैमरन ग्रीन (जीरो) और रिंकू सिंह (6 रन) को पवेलियन भेजा। KKR ने 90 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। यहां से रोवमन पॉवेल और रमनदीप सिंह ने अर्धशतकीय साझेदारी की, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। CSK की पारी में संजू सैमसन ने 32 बॉल पर 4 चौके और 3 छक्कों के सहारे 48 रन बनाए। जबकि डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 बॉल पर 41 रन की पारी खेली। आयुष म्हात्रे ने 17 बॉल पर 38 रन बनाए। उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के मारे। KKR से कार्तिक त्यागी ने दो विकेट झटके। वैभव अरोरा, अनुकूल रॉय और सुनील नरेन को एक-एक विकेट मिला।
चेन्नई ने सीजन में दूसरा मैच जीता है। टीम 4 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल के 8वें नंबर पर आ गई है। वहीं, कोलकाता 4 मैच हारने के बाद सबसे निचले पायदान पर है।
