इतवारी एक्सप्रेस हुई क्षतिग्रस्त, मुड़े हुए लोहे को सीधा करने बच्चे ने रख दिया था पटरी पर
बिलासपुर। रेलवे ट्रैक के पास मुड़ा हुआ लोहा का टुकड़ा मिलने पर नाबालिग ने उसे सीधा करने के लिए ट्रैक पर रख दिया, इस लोहे के ऊपर से गुजरी इतवारी बिलासपुर एक्सप्रेस का इंजन क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रेन खड़ी हो गई। एसईसीआर की आरपीएफ की टीम ने रेलवे ट्रैक पर लोहा रखकर ट्रेन को क्षति पहुंचाने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
आरपीएफ ने आरोपी के खिलाफ रेल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। जोन मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल को इतवारी से बिलासपुर आ रही 12856 नेताजी सुभाषचंद्र बोस इतवारी-बिलासपुर एक्सप्रेस के इंजन में परमालकसा के बीच एक जुगल प्लेट इंजन के नीचे टकरा गया था।
एसईसीआर बिलासपुर जोन में सप्ताह भर के अंदर ट्रेन को दुर्घटना करने की कोशिश की दूसरी घटना है। इससे पहले बिलासपुर-कटनी रूट पर कुछ दिन पहले नाबालिगों ने रेलवे ट्रैक पर बड़े-बड़े पत्थर रख दिया, जिससे रायपुर से निकलकर उसलापुर होते हुए लखनऊ जाने वाली गरीबरथ दुर्घटना होने से बची थी। इस मामले में भी नाबालिगों ने खेल-खेल में पत्थर रखने की बात स्वीकार की थी।
