छत्तीसगढ़ में हीटवेव का अलर्ट, रायपुर-बिलासपुर दुर्ग में सबसे ज्यादा असर, 43 डिग्री तापमान

छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई जिलों में लू चलने की संभावना है. कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है. जबकि तापमान में अगले कुछ दिनों में 3 से 4 डिग्री और बढ़ने की संभावना है. मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के ज्यादातर जिलों में हीट वेव चलने का अलर्ट जारी किया है. इन तीनों संभागों के जिलों में अगले 72 घंटे हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है. जिससे यहां तापमान और बढ़ने की संभावना है.छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिला सबसे ज्यादा गर्म बना हुआ है. यहां का तापमान 43 डिग्री तक चला गया है. जिससे यहां भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. आने वाले दिनों में 46 डिग्री जाने की संभावना है

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिम की तरफ से आ रही गर्म हवाओं की वजह से तापमान बढ़ोत्तरी हो रही है. छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में फिलहाल गर्माहट दिख रही है. मध्य क्षेत्र में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है. राज्य का अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक हो गया है. प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह ड्राई बना हुआ है.

बस्तर संभाग के जिलों में भी अब मौसम पूरी तरह साफ है और यहां भी भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है. तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी की वजह से यहां भी गर्मी का असर ज्यादा हो गया है. ऐसे में लोगों के घरों से बाहर निकलते वक्त सावधानी रखने के लिए कहा गया है.मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के लोगों से गर्मी के मौसम में सावधानी बरतने की अपील की है. क्योंकि अगले 2 दिनों तक कुछ जगहों पर हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है. ऐसे में दोपहर के वक्त लोगों को सबसे ज्यादा परेशानियां हो सकती हैं.