मुंबई: IMD ने अगले तीन घंटों के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया

मुंबई और उसके आस-पास के इलाकों में मौसम का मिजाज बदल गया है। मुंबई में झमाझम बारिश हो रही है। इस बीच मौसम विभाग ने मुंबई में अगले तीन घंटे के दौरान भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। जानकारी के अनुसार, गरज चमक के साथ तेज बारिश हो रही है। नवी मुंबई और ठाणे में भी बारिश देखी जा रही है। मौसम विभाग ने बारिश की वजह दक्षिण-पश्चिमी मानसूनी हवाओं को जिम्मेदार बताया है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि बारिश का यह पैटर्न सप्ताहांत तक जारी रहेगा, जिसमें हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। जलगांव, नासिक, पुणे और नागपुर समेत अन्य जिलों में भी इसी तरह के मौसम का पूर्वानुमान है, जहां अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि 11 जून तक मुंबई में बारिश का दौर जारी रहेगा। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का कहना है कि आज मुंबई में बिजली चमकने के साथ भारी बारिश होगी। इसके साथ ही 40-50 किमी की रफ्तार से तेज़ हवाएं भी चलेंगी। मुंबई से जो जानकारी सामने आ रही है उसके मुताबिक बारिश अभी भी हो रही है और तेज हवाएं भी चल रही हैं।

आईएमडी ने महाराष्ट्र के कई हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है, जिनमें कोंकण, पालघर, ठाणे, मुंबई, रायगढ़, रत्नागिरी, पुणे, नासिक, अहमदनगर, नागपुर, बुलढाणा, अमरावती, अकोला, वाशिम, यवतमाल, चंद्रपुर, गढ़चिरौली शामिल हैं। इसके अलावा बीड, छत्रपति संभाजीनगर, हिंगोली, परभणी, नांदेड़, लातूर, धाराशिव, जालना में बारिश का दौर देखा जा सकता है।